पुणे के 12,750 विद्यार्थियों को मिलेगा ‘अंकनाद गणित समावेशन प्रणाली’ का लाभ

Spread the love

पुणे:विद्यालयीन उम्र में गणित के प्रति भय को कम कर इस विषय से मित्रता बढ़ाने वाली “अंकनाद – गणित समावेशन प्रणाली” अब इंडिविश वेलफेयर फाउंडेशन, मुंबई के माध्यम से पुणे के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के 12,750 विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। यह प्रणाली मॅप एपिक कम्युनिकेशन्स प्रा. लि., पुणे द्वारा विकसित की गई है और इसका वितरण 1 अगस्त 2025 को लोकमान्य बाळ गंगाधर टिळक की पुण्यतिथि पर किया जाएगा।

इस उपलक्ष्य में एक प्रतिनिधिक कार्यक्रम भावे हाईस्कूल (सदाशिव पेठ) में दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर महाराष्ट्र एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष बाबा शिंदे, मॅप एपिक कम्युनिकेशन्स प्रा. लि. के संचालक मंदार नामजोशी, निर्मिती नामजोशी, पराग गाडगीळ तथा इंडिविश वेलफेयर फाउंडेशन के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी इंडिविश वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।

इंडिविश वेलफेयर फाउंडेशन एक स्वयंसेवी संस्था है, जो विद्यार्थियों में गणित की मूलभूत समझ विकसित करने हेतु प्रयासरत है। इस पहल के अंतर्गत शैक्षणिक संस्थाएं जैसे कि शिक्षण प्रसारक मंडळी, डेक्कन एजुकेशन सोसायटी, महाराष्ट्र एजुकेशन सोसायटी और महर्षि कर्वे स्त्री शिक्षण संस्था से जुड़े कुल 87 विद्यालयों की 255 कक्षाओं में यह प्रणाली कार्यान्वित की जाएगी।

विभिन्न सर्वेक्षणों से यह सामने आया है कि लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थियों को गणित से डर लगता है। इस डर को कम करने और गणित से मैत्री करने में “अंकनाद – गणित समावेशन प्रणाली” उपयोगी सिद्ध हो रही है। इस प्रणाली के माध्यम से विद्यार्थी संगीतबद्ध तरीके से पूर्णांक, अपूर्णांक और वर्गों के पहाड़े आसानी से आत्मसात कर सकेंगे, जिससे गणित उनके लिए रोचक और बोधगम्य बनेगा। गणित सभी विषयों की जननी है, अतः विद्यार्थियों का इससे घनिष्ठ संबंध होना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से इंडिविश वेलफेयर फाउंडेशन यह कार्य कर रही है।

“अंकनाद – गणित समावेशन प्रणाली” को तीन चरणों में विभाजित किया गया है। पहले चरण में श्रवण अभ्यास द्वारा पूर्णांक, अपूर्णांक और वर्गों के पहाड़ों का समावेशन किया जाएगा। दूसरे चरण में महाराष्ट्र शासन के मराठी भाषा विभाग के सहयोग से पहाड़े समावेशन स्पर्धा आयोजित की जाएगी। तीसरे चरण में विद्यार्थियों को ‘गणीतालय’ पोर्टल के सदस्य के रूप में जोड़ा जाएगा।

इस पोर्टल पर विद्यार्थियों के लिए गणितीय अवधारणाओं पर आधारित 1200 से अधिक वीडियो उपलब्ध हैं, जिनमें डॉ. रघुनाथ माशेलकर जैसे 1000 से अधिक विशेषज्ञों के मार्गदर्शन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, गणित का अन्य विषयों से संबंध स्पष्ट करने वाले अनेक वेबिनार भी उपलब्ध हैं। यह प्रणाली विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता को प्रोत्साहन देगी और उनके मस्तिष्क के दाहिने भाग को सक्रिय करने में मदद करेगी। मंदार नामजोशी के अनुसार, यह प्रणाली विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *