महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान’ एवं ‘गीता परिवार’ द्वारा आळंदी में किया जा रहा भव्य सन्त समागम

पूज्य स्वामीजी श्रीगोविन्ददेव गिरिजी महाराज के आवाहन पर शामिल होंगे देश भर के विख्यात नाम

भारत के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक उत्थान की गतिविधियों में संलग्न अग्रणी संगठन ‘गीता परिवार’ की ओर से 1 फरवरी को पुणे के प्रेस क्लब में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान बहुप्रतीक्षित ‘गीताभक्ति अमृत महोत्सव’ के आयोजन की बिंदुवार जानकारी सभी को दी गयी। ‘गीताभक्ति अमृत महोत्सव’ – पूज्य स्वामी श्रीगोविन्ददेव गिरिजी महाराज के 75 वर्षों की दिव्य आध्यात्मिक यात्रा के अनमोल रत्नो को संजोकर मनाया जाने वाला उत्सव है। आयोजकों की ओर से बताया गया कि इस आठ दिवसीय पवित्र महोत्सव का आयोजन 4 फरवरी से 11 फरवरी 2024 तक पवित्र इंद्रायणी नदी के तट पर, पुणे के आळंदी के सुरम्य वातावरण में किया जा रहा है।

गीता परिवार के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. संजय मालपानी जी ने आगामी महोत्सव के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि “गीताभक्ति अमृत महोत्सव” सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है; यह आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक समरसता का उत्सव है। इस पावन महोत्सव के पीछे स्वामीजी का कारुणिक दृष्टिकोण है कि देश भर में स्थित लाखों साधकों के लिए एक धार्मिक समागम का अवसर बनाया जाये, जो न केवल सभी को आध्यात्मिक ऊर्जा एवं ज्ञान भक्ति से ओतप्रोत कर दे, साथ ही साथ सभी के जीवन में सात्त्विक प्रसन्नता का रस घोल दे। यह आयोजन हमारे सनातन सांस्कृतिक मूल्यों की भव्यता को प्रदर्शित करेगा जो आने वाली पीढ़ियों पर भी अपनी गहरी छाप छोड़ेगा। समारोह में आने वाले संत-मनीषियों, आध्यात्मिक गुरुओं और विविध क्षेत्रों के श्रेष्ठ बुद्धिजीवियों की भव्य सभा देश के लोकाचार के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करेगा एवं एक मील का पत्थर साबित होगा।“

आठ दिवसीय समागम में समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसमें 450 से अधिक कलाकारों द्वारा रामायण का मंचन, श्रीमद्भागवत कथा, वेदशास्त्र संवाद, 2000 से अधिक वैदिक आचार्यों द्वारा 81 कुंडीय महायज्ञ, कृतज्ञता ज्ञान पर्व – सेवा भावी महात्माओं का सम्मान, धर्म और आध्यात्म के सिद्धांतों पर समृद्ध चर्चा इत्यादि सम्मिलित हैं। इस विराट समागम का उद्देश्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को समाज के सामने लाना और प्रतिभागियों के बीच एकता और सद्भाव की भावना को बढ़ावा देना है। गीताभक्ति अमृत महोत्सव आध्यात्मिकता और संस्कृति का एक अनूठा मिश्रण है। गीता परिवार तथा महर्षि वेदव्यास प्रतिष्ठान सभी को इस शुभ अवसर में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित करता है।

इस अवसर पर इस गीता परिवार के राष्ट्रीय कार्यध्यक्ष डॉ श्री संजय जी मालपाणी, महोत्सव के कार्यकारी अध्यक्ष श्री गिरिधारी जी काले, गीता परिवार के न्यासी, श्री प्रदीप जी राठी,  समन्वय समिति के जनसंपर्क प्रमुख श्री शेखर जी मुंदड़ा उपस्थित थे। कीर्तन, ज्ञानेशोपासना, प्रदक्षिणा, शोभायात्रा, महानाट्य आदि अनेक विलक्षण कार्यक्रमों का लाइव प्रसारण आस्था चैनल पर भी उपलब्ध होगा। इसकी विस्तृत जानकारी https://geetabhakti.com/ पर भी उपलब्ध है।